
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के डेहरी खुर्द गांव में रविवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते हुई कहासुनी देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गई। इस दौरान एक मनबढ़ व्यक्ति ने दूसरे पक्ष के एक अधेड़ व्यक्ति पर असलहे से फायरिंग कर दी। गोली अधेड़ के पेट में लगी। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
डेडरी गांव में दो पक्षों में जमीन का विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद बढ़ गया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक मनबढ़ व्यक्ति ने तेजबली चौहान (42 वर्ष) को असलहे से गोली मार दी। गोली तेजबली के पेट में लगी। इससे वे जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। आननफानन में उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख बीएचयू रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी अनंत चंद्रशेखर, क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज, शहाबगंज पुलिस तथा चकिया पुलिस बल के साथ तत्काल डेहरी खुर्द गांव पहुंचे। सीओ ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच काफी लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के तेजबली चौहान पर असलहे से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

