
चंदौली : सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) की ओर से जनपदवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व राजेश कुमार की उपस्थिति में और राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों व आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान NIC के तकनीकी विशेषज्ञों ने डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों व उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को माल वेयर व स्पाय वेयर, फिशिंग लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, यूपी आई फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे प्रमुख साइबर खतरों के बारे में सरल व व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंक विवरण या निजी जानकारी साझा न करें ,संदिग्ध लिंक व एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर की गई शिकायत से आर्थिक नुकसान को रोका जा सकता है। यदि कोई व्यक्ति अनजाने में किसी साइबर गतिविधि में आरोपी बन जाता है तो घबराने के बजाय संबंधित प्राधिकरण से संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अपना पक्ष प्रस्तुत करें। अंत में प्रतिभागियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए संकल्प दिलाया गया। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहम्मद सोराका, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

