
चंदौली। जिले के सकलडीहा, शहाबगंज और चहनियां इलाके में शनिवार को भीषण आग लगी। अगलगी की घटना में 65 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। सूचना के बाद फायरब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। राजस्व विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया।
सकलडीहा क्षेत्र के अमावल गांव में शनिवार की दोपहर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग फैलते हुए डैना और बभनपुरा गांवों के सिवान तक पहुंच गई। अगलगी की घटना में लगभग 40 बीघा फसल जलकर खाक हो गई। दूसरी घटना शहाबगंज के पालपुर इलाके की है। पालपुर के सिवान में लगी आग से 15 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
हालांकि, गांव के लोगों ने अदम्य साहस और एकजुटता का परिचय देते हुए घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। अगर ग्रामीण तत्परता न दिखाते, तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था। चहनियां ब्लॉक के भूपौली क्षेत्र में आग लगने से 10 बीघा गेहूं जलकर खाक हो गया।

