
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विजय नारायणपुर के बुझारत की मड़ई में 23 वर्षीय वर्षा यादव का शव फांसी पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मायकेपक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना की जांच में जुटी रही।
वर्षा की मौत की सूचना मिलते ही मौके पर मायके पक्ष के लोग पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि वर्षा की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और तभी से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका आरोप है कि ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या की है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
मृतका अपने पीछे छह माह की मासूम बच्ची को छोड़ गई है, जिससे परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, वर्षा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था, जिसकी शिकायत वह पहले भी कर चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को हिरासत में ले लिया।

