
चंदौली। सैयदराजा पुलिस व स्वाट टीम ने बिहार सीमा पर अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी। तस्कर ट्रक में कागज की गुल्ली के नीचे छिपाकर 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब नोएडा के दादरी से बिहार ले जा रहे थे। बरामद शराब की कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने गिरफ्तारी व बरामदगी के बाबत जानकारी दी।
एएसपी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि अवैध शराब की बड़ी खेप ट्रक के जरिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर 9 मार्च को एनएच-19 हाइवे पर ग्राम जेठमलपुर स्थित काले पीर बाबा मजार के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान करीब 25-30 मिनट बाद चन्दौली की ओर से आ रहे ट्रक नंबर RJ14JQ3205 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक में सबसे आगे कागज की बनी गुल्ली (जिस पर धागा लपेटा जाता है) रखी हुई थी। जब पुलिस ने अंदर गहराई से जांच की तो उसके नीचे बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। ट्रक से कुल 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिन पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था। पुलिस के अनुसार यह शराब दादरी (नोएडा) से बिहार ले जाई जा रही थी।
मौके से ट्रक चालक हरिश्चन्द्र निवासी ग्राम नगला इतवारी थाना भोगांव जनपद मैनपुरी और परिचालक अंकित, पुत्र सुरेश चन्द्र, निवासी ग्राम मिसौरा थाना भोगांव जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ट्रक को भी धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
इस मामले में थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 77/2026 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

