
चंदौली। हिंदी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड–2025 में जेएस पब्लिक स्कूल कासिमपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 107 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की, जिनमें से 40 प्रतिभागियों ने गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक जीतकर अपनी मेधा और हिंदी भाषा पर पकड़ का प्रभावशाली परिचय दिया।
अगस्त 2025 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस ओलंपियाड में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जेएस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने इस मंच पर अपनी शैक्षिक दक्षता और भाषायी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय को कुल 15 स्वर्ण पदक, 17 रजत पदक और 8 कांस्य पदक प्राप्त हुए।
स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में कक्षा 1 से रणविजय, कक्षा 2 से विधि मिश्रा और शिवानी, कक्षा 3 से मुहम्मद अरहम और प्रांजल यादव, कक्षा 4 से वेदांश, कक्षा 5 से रिद्धिमा सिंह, कक्षा 6 से अस्मिता गुप्ता, कक्षा 7 से साक्षी जायसवाल, कक्षा 8 से प्रिया सिंह, कक्षा 9 से काव्यांश गिरी, कक्षा 10 से अरुणिमा प्रकाश, कक्षा 11 से प्रीतिका पटेल तथा कक्षा 12 से आकृति कुमारी और सुयश मिश्रा शामिल हैं।
इन 40 पदक विजेता छात्रों में से कक्षा 3 के मुहम्मद अरहम और कक्षा 9 के काव्यांश गिरी को हिंदी विकास संस्थान द्वारा विशेष योग्यता पुरस्कार के लिए चुना गया। दोनों छात्रों को 30 जनवरी 2026 को दिल्ली स्थित तीन मूर्ति भवन प्रधानमंत्री संग्रहालय के सभागार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें अपने शिक्षक प्रमोद कुमार चतुर्वेदी एवं अभिभावकों के साथ मंच पर आमंत्रित किया गया।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुहम्मद अरहम को गोल्ड मेडल के साथ “हिंदी बाल श्रेष्ठ सम्मान” और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया गया, जबकि काव्यांश गिरी को गोल्ड मेडल, राष्ट्रीय हिंदी प्रतिभा सम्मान, प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विद्यालय के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में जेएस पब्लिक स्कूल के प्रति विशेष सम्मान का भाव उत्पन्न हुआ है। ग्रामीण परिवेश से आने वाले किसान और मजदूर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के संकल्प के साथ विद्यालय निरंतर उनके शैक्षिक, बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक विकास के लिए कार्य कर रहा है। विद्यालय के संरक्षक डॉ. विधुभूषण सिंह, प्रबंधक व प्रधानाचार्य रजनीश सिंह ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

