
चंदौली। किसान दिवस का आयोजन बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग की अध्यक्षता में हुई। इसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। किसानों ने रात्रि रोस्टर की बजाय दिन में बिजली आपूर्ति की मांग की। सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक बिजली मांगी। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग की।
किसान दिवस में उप कृषि निदेशक की ओर से विगत किसान दिवस की कार्य वृत्ति पर विस्तृत चर्चा की गई। किसान रतन सिंह, मुन्ना सिंह, विरेन्द्र सिंह, संतोष मिश्रा, मणिदेव चतुर्वेदी आदि ने धान क्रय, उर्वरक की उपलब्धता, सिंचाई की व्यवस्था व बिजली की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। वही अन्य किसान संगठन की ओर से सिंचाई के दृष्टिगत रात्रि रोस्टर के बिजली आपूर्ति को दिन में सुबह 4 से सायं 9 बजे तक करने की मांग की गई।
एआर कोआपरेटिव श्रीप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि जनपद में यूरिया की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है और सभी समितियों पर पोटाश की उपलब्धता शीघ्र कराने का प्रयास किया जा रहा है। दिवस में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने रबी फसलों के बारे में समसामयिक चर्चा की साथ ही बीज उपचार, पराली प्रबन्धन, फसल विविधीकरण आदि विषयों पर जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई , विद्युत व एआर कोआपरेटिव / जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित समस्त जनपदीय अधिकारियों को किसान दिवस में उठाई गई समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए। दिवस में कई किसान और अधिकारी उपस्थित थे।

