
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर में सोमवार को नाले में गिरकर दो वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम अपनी मां के साथ ननिहाल आई थी।
दो वर्षीय राधा अपनी मां के साथ जलीलपुर में नाना सीताराम पासवान के घर आई थी। बुधवार की दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान सड़क किनारे नाले में गिर गई। बच्ची के काफी देर तक दिखाई न देने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी खोजबीन के बाद नाले में अचेतावस्था में पड़ी मिली। परिजन आननफानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जिस नाले में गिरकर बालिका की मौत हुई, वह कुछ दूरी तक ढंका तो कुछ दूर तक खुला हुआ है। ऐसे में खतरा बना रहता है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने नाले को तत्काल ढंकने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न होने पाएं।

