
चंदौली। नियामताबाद ब्लॉक के लौंदा गांव में रविवार को ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों के लिए एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। समाजसेवी खुर्शीद प्रधान और सद्दाम हुसैन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के तहत कुल 500 गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल ने किया, जिन्होंने इस पहल को मानवता की सच्ची सेवा बताया।

विधायक ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। समाज के साधन-संपन्न लोग तो अपने संसाधनों से सर्दी से बचाव की व्यवस्था कर लेते हैं, लेकिन गरीब और कमजोर वर्ग के लिए एक कंबल जुटा पाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में सबसे अधिक परेशानी इन्हीं लोगों को झेलनी पड़ती है, ऐसे में समाज के हर सक्षम व्यक्ति को आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए। विधायक ने इस कंबल वितरण अभियान को पुनीत और अनुकरणीय बताते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना ईश्वर की सेवा के समान है।

समाजसेवी खुर्शीद प्रधान और सद्दाम हुसैन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को यह एहसास कराना भी है कि समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में गरीब और बेसहारा लोगों की परेशानी को देखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। दोनों समाजसेवियों ने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान सदर प्रमुख संजय सिंह बब्लू, सैयद सरफराज पहलवान, शमीम मिल्की, विनीता अग्रहरि, संजय कन्नौजिया, अजीम पिंटू, महेंद्र, बबलू, शारिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

