ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चकिया में भीषण सड़क हादसा: ऑटो के ऊपर पलटी मैजिक, अधेड़ की मौत, कई घायल

संवाददाता – बाबू चौहान

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के चुप्पेपुर गांव के समीप सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और लापरवाही ने परिवार को हमेशा के लिए गम में डूबो दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैजिक वाहन चकिया से बबुरी की ओर जा रहा था। चुप्पेपुर गांव के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज गति के कारण वाहन असंतुलित हो गया और बगल से गुजर रही ऑटो पर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

 

हादसे में करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी, हालांकि उसके चकिया नगर पंचायत क्षेत्र का निवासी होने की बात सामने आई है। ऑटो में सवार तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ है। मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!