
चंदौली। पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (डीडीयू) से गया और आगे प्रधानखांटा (धनबाद) तक जाने वाले महत्वपूर्ण रेलखंड पर बुधवार को उच्च गति परीक्षण की शुरुआत की गई। इस ट्रायल का उद्देश्य रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सुरक्षित संचालन की संभावनाओं का आकलन करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रायल ट्रेन सुबह 11:05 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना हुई। यह ट्रेन गया जंक्शन होते हुए प्रधानखांटा तक जाएगी और वहां से अप दिशा में पुनः गया होते हुए डीडीयू जंक्शन लौटेगी। इस पूरे रूट पर ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, ओवरहेड उपकरण और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन जांच की जा रही है।
निरीक्षण सह ट्रायल के दौरान पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना स्वयं अधिकारियों की टीम के साथ विशेष निरीक्षण वैन में मौजूद रहे। ट्रायल ट्रेन में लगाए गए अत्याधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से गति, कंपन, ट्रैक की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं का रियल टाइम अवलोकन किया जा रहा है।
रेल अधिकारियों के अनुसार यह ट्रायल भविष्य में इस रूट पर तेज गति से ट्रेनों के संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और रेल नेटवर्क की क्षमता भी बढ़ेगी।
रेल प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, समपार फाटकों पर लगे संकेतों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि परीक्षण कार्य सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

