ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : सेप्टिक टैंक सफाई में चार की मौत:  घटना के 22 माह बाद जागा प्रशासन, भवन स्वामी पर मुकदमा

चंदौली। पीडीडीयू नगर के न्यूमहाल मोहल्ले में 8 मई 2024 की रात सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुई चार दर्दनाक मौतों के मामले में 22 माह बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। नगर पालिका के सफाई लिपिक निलेश कुमार सिंह की तहरीर पर भवन स्वामी के विरुद्ध लापरवाही से कार्य कराए जाने के आरोप में मुकदमा कायम किया गया है। इस हृदयविदारक हादसे में तीन सफाईकर्मियों के साथ भवन स्वामी के इकलौते पुत्र की भी जान चली गई थी।

 

न्यूमहाल निवासी भरत जायसवाल अपने मकान के सेप्टिक टैंक की सफाई भाड़े के मजदूरों से करवा रहे थे। रात लगभग 12 बजे कालीमहाल के विनोद रावत (35), कुंदन (42) और सुमित (23) करीब आठ फुट गहरे टैंक की सफाई में जुटे थे। आधा टैंक साफ करने के बाद जब सिल्ट निकालने के लिए एक मजदूर भीतर उतरा तो वह बाहर नहीं निकल सका। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दो मजदूर भी टैंक में उतर गए और जहरीली गैस की चपेट में आ गए।

 

स्थिति गंभीर होते देख भरत जायसवाल का पुत्र अंकुर जायसवाल (35) रस्सी के सहारे टैंक में उतरकर बचाव का प्रयास करने लगा, लेकिन रस्सी खुल जाने से वह भी भीतर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और किसी तरह चारों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

 

नगर पालिका की तहरीर में उल्लेख है कि सेप्टिक टैंक की सफाई के संबंध में कोई पूर्व सूचना या अनुमति नहीं ली गई थी और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

 

नगर पालिका के प्रभारी ईओ राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि शासनादेश के तहत दुर्घटना के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई है। वहीं मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!