ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन में नई जिला इकाई का गठन, सत्यनारायण प्रसाद जिलाध्यक्ष व शिवकुमार गोड़ महामंत्री चुने गए

चंदौली। सकलडीहा तहसील सभागार प्रांगण में गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन की जिला इकाई का पुनर्गठन प्रदेश इकाई के दिशा-निर्देश और चुनाव अधिकारी विनय कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ भूमक विजय सिंह धुरिया, इंजीनियर छबीले गोड़ व वैद्य हीरामन गोड़ ने गोंडी परंपरा के अनुरूप गोगो पूजा और मंत्रोच्चार के साथ किया। पूरे प्रांगण में आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिली।

 

बैठक में संगठन के भंग होने के बाद उसकी मजबूती व पुनर्गठन को लेकर चर्चा हुई। विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने और समाज के उत्थान पर जोर दिया। सर्वसम्मति से सत्यनारायण प्रसाद को निर्विरोध जिलाध्यक्ष और शिवकुमार गोड़ को जिला महामंत्री चुना गया। पदभार ग्रहण के बाद दोनों को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष तिरुमल रामजी नेताम ने कहा कि आदिवासी समाज अभी भी मुख्यधारा से काफी पीछे है। ऐसे में संगठित होकर अधिकारों की लड़ाई लड़ने और सामाजिक-आर्थिक प्रगति के लिए काम करने की आवश्यकता है। वरिष्ठ भूमक विजय सिंह धुरिया ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की बात कही। प्रदेश उपाध्यक्ष रामजनम गोड़ ने कहा कि गोड़ समुदाय का इतिहास हमेशा संघर्ष और बलिदान से भरा रहा है। डॉ. सत्येंद्र गोड़ ने शिक्षा को समाज के उत्थान का सबसे बड़ा साधन बताते हुए युवाओं को इसके लिए प्रेरित किया।

 

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद ने कहा कि वे संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाएंगे। अनुसूचित जनजाति समुदाय को योजनाओं का लाभ दिलाने और समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने संगठन को समाज के सार्वभौमिक उत्थान का प्रमुख माध्यम बताया। इस मौके पर बड़ी संख्या में सगा समाज के लोग मौजूद रहे। लाल बिहारी गोड़, शिवकुमार गोड़, शिब्बू लाल गोड़, अश्वनी कुमार गोड़, हीरालाल गोड़, राजकुमार गोड़, कमलेश गोड़ समेत कई लोगों ने नए पदाधिकारियों को बधाई दी। वहीं पत्रकार, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन विनय कुमार ने और अध्यक्षता रामजी नेताम ने की।

Back to top button
error: Content is protected !!