
चंदौली। होली के दिन जनपद के दो अलग-अलग गांवों में आग लगने की घटनाओं ने दो गरीब परिवारों को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बलुआ थाना क्षेत्र के सरौली गांव और शहाबगंज विकास खंड के कौड़िहार ग्राम सभा में अज्ञात कारणों से लगी आग में दोनों परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आगजनी की इन घटनाओं के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

पहली घटना सरौली गांव की है, जहां ममता देवी पत्नी पिंटू यादव के टीनशेड मकान में बुधवार दोपहर अचानक आग भड़क उठी। उस समय पिंटू यादव गांव में होली मनाने गए थे, जबकि ममता देवी घर पर थीं। मकान चारों ओर से पुआल और लकड़ी से घिरा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने दौड़कर पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा गहना, करीब 30 हजार रुपये नकद, अनाज, कपड़े, बच्चों के वस्त्र, फ्रीज, पंखा और टीवी सहित सारा सामान जल चुका था। ग्राम प्रधान अनिल यादव ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है।
वहीं दूसरी घटना शहाबगंज क्षेत्र के कौड़िहार ग्राम सभा की पिछवारी बस्ती में हुई, जहां गुड्डू बनवासी के मड़ईनुमा घर में दोपहर करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अनाज, कपड़े, बिस्तर और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था।
युवा समाजसेवी छन्नू यादव और जितेंद्र यादव ने बताया कि गुड्डू बनवासी का परिवार अत्यंत गरीब है और इस घटना से उन्हें भारी क्षति हुई है। दोनों घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

