ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : होली पर हुई मारपीट, युवक के पैर में फ्रैक्चर, दो पर मुकदमा

चंदौली। रंगों के त्योहार होली के दिन चकिया कोतवाली क्षेत्र के ईसापुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

ईसापुर गांव निवासी सुनील यादव (24), पुत्र अनमोल यादव, का घुरहूपुर निवासी चिथडू राजभर, पुत्र शेरू राजभर, से पहले से विवाद चला आ रहा था। होली के दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान सुनील यादव को बेरहमी से पीटा गया। मारपीट में उसके पैर की हड्डी टूट गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

 

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल युवक को चकिया के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

 

सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!