
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) ने विभाग के ही एचईओ पर छेड़खानी और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सीओ कार्यालय पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया।
पीड़िता आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात है। आरोप लगाया कि संबंधित एचईओ कई बार उसका रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार करता रहा और गलत तरीके से छूने की कोशिश की। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे पसंद करने की बात कहते हुए जबरन हाथ भी पकड़ा। महिला के अनुसार, जब उसने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने उसे शिकायत करने पर नौकरी से निकलवाने और जान से मारने की धमकी दी। इससे वह काफी समय तक मानसिक दबाव में रही।
पीड़िता ने बताया कि यह मामला नया नहीं है, बल्कि पिछले वर्ष से चला आ रहा है। उसने 30 सितंबर को भी कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिला का कहना है कि उसके पास घटना से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं, बावजूद इसके मामला दर्ज नहीं हुआ है।

