
चंदौली। सपा के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के पिता रामअवध सिंह का 80 साल की आयु में बुधवार की अलसुबह निधन हो गया। फेफड़े के संक्रमण के बाद उन्हें हेरिटेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। निधन का समाचार मिलते ही परिजनों के साथ ही शुभचिंतकों व रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। शव को उनके पैतृक गांव माधोपुर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। उनका अंतिम संस्कार धानापुर के गुरेनी गंगा घाट पर होगा। मुखाग्नि उनके पुत्र पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू देंगे।
रामअवध सिंह अपनी पुत्री मीना सिंह ‘गुड़िया’ से मुलाकात करने के लिए तेलंगाना से चंदौली आए थे। अचानक उनकी सेहत बिगड़ गयी। ऐसे में उन्हें 11 नवंबर को वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सा परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने फेफड़े में संक्रमण की समस्या बताई। हेरिटेज अस्पताल में ही उनका इलाज चल रहा था। हालांकि उनकी तबियत निरंतर बिगड़ती चली गयी। 26 नवंबर की भोर में उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए।
मनोज सिंह डब्लू के पिता रामअवध सिंह का जन्म किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने खेती-किसानी को अपनाने के साथ ही परिवार को भी संस्कारों से सींचा और परिवार को आर्थिक मजबूती भी दी। उन्होंने अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव को कायम रखते हुए हैदराबाद, तेलंगाना और कर्नाटक जैसे व्यवसायिक शहरों में अपने कारोबार को स्थापित किया।

