
चंदौली। जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन ने फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बनाने पर जोर दिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, उनका पंजीकरण शीघ्र पूरा कराया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले में कई ऐसे किसान हैं जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ तो ले रहे हैं, लेकिन उनकी फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुई है। ऐसी स्थिति में भविष्य में उन्हें इस योजना समेत अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित होना पड़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि विभाग तथा सभी उप जिलाधिकारियों के राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर किसानों को जागरूक करें और पात्र किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि किसानों के हितों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है।
किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई माध्यम उपलब्ध कराए हैं। किसान “फार्मर रजिस्ट्री सेल्फ ऐप” या “सहायक ऐप” के जरिए स्वयं अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा जनसेवा केंद्रों पर भी यह सुविधा उपलब्ध है। ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी), बीटीएम एवं एटीएम के माध्यम से भी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री निःशुल्क कराई जा रही है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

