
चंदौली। पूर्व प्रधानमंत्री स्व चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर मंगलवार को कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में किसान सम्मान दिवस /किसान मेला/रबी उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं स्टाल का अवलोकन किया। इस दौरान बेहतर काम करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से किसानों को नवीन तकनीकों, सरकारी योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों की महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। जिलाधिकारी ने किसानों से परंपरागत गेहूं-धान की खेती के बजाय अन्य विकल्प अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने औषधीय फसलों, फलों, सब्जियों, श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन एवं लघु व सूक्ष्म उद्यमों को अपनाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि इससे किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से बैंक वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराएंगे। अधिकारियों से कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। उनकी समस्याओं को तत्परता से निस्तारण करें और कृषि क्षेत्र से जुड़े योजनाओं से लाभान्वित करें, ताकि आय में वृद्धि हो सके।
जनपद में प्रगतिशील कृषकों को कृषि विभाग, उद्यान, मत्स्य व पशुपालन के साथ श्री अन्न के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर 45 किसानों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों की ओर से विभाग की संचालित योजनाएं व रबी-2025 की रणनीति पर प्रकाश डाला गया। उद्यानिक फसलों की खेती कर कृषकों को अतिरिक्त लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया व पराली प्रबंधन का उचित व्यवस्था कर मृदा को समृद्ध व रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों से मृदा में पड़ रहे विकार पर प्रकाश डाला गया। जिला उद्यान अधिकारी ने मखाने व सिंघाड़े की खेती से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी।
किसान मेला का सीधा प्रसारण
किसान मेले के सीधा प्रसारण के माध्यम से भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण , ग्रामीण विकास व भूमि संसाधन मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के कल्याण के लिए 125 दिन विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन ( ग्रामीण )बी बी जी राम जी अधिनियम 2025 की जानकारी दी। वरिष्ठ वैज्ञानिक व अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र डॉ नरेंद्र रघुवंशी ने चयनित पांच कृषकों को माला ,अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी शैलेन्द्र दुबे, अधिशासी अभियंता चंद्रप्रभा, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और किसान उपस्थित थे।
इन किसानों को मिला सम्मान
किसान अनूप पाठक, महेंद्र प्रताप सिंह, तपेश सिंह कुशवाहा, चंद्रमा यादव, शशि प्रकाश दुबे, गोपाल सिंह, अजय कुमार सिंह, कमलेश, अनूप यादव, रंगबहादुर यादव, बनवारी पांडेय, राघवेंद्र यादव, संजय कुमार सिंह, जय प्रकाश तिवारी, मुन्नालाल यादव, पंकज कुमार को सम्मानित किया गया।

