ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : गुब्बारे वाले गैस सिलेंडर के विस्फोट से मचा कोहराम, मची अफरातफरी, लाखों का नुकसान

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली के लाट नंबर 1 स्थित अरविंद प्रेस के पास गुरुवार को भयावह हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। गुब्बारे में भरी जाने वाली गैस का सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की जमीन तक हिल गई और कुछ क्षणों के लिए पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद ऐसा लगा मानो किसी बड़े विस्फोट ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया हो। चारों ओर धुआं, धूल और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए, लेकिन कुछ समय तक किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।

इस हादसे में गैस सिलेंडर वाले व्यक्ति की पहचान चुन्नू सेठ (55 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके परिवार में पत्नी किरन और दो बच्चे-कुमकुम व शिव कुमार शामिल हैं। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और पूरे इलाके में चिंता और भय का माहौल व्याप्त है।
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पास में प्रिंटिंग का कार्य करने वाले पंकज कुमार राव और आनंद कुमार के मकान की दीवारों में दरारें पड़ गईं, खिड़कियां टूटकर बिखर गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 2 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

इतना ही नहीं, पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गई। विस्फोट के बाद सिलेंडर के टुकड़े कई दिशाओं में दूर-दूर तक जा गिरे, जो इस हादसे की भयावहता को साफ दर्शाते हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद चारों तरफ घना धुआं और अंधेरा छा गया था। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस हादसे को लेकर सहमे हुए हैं और लगातार एक ही सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो गई? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक सिलेंडरों के इस्तेमाल और भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

Back to top button
error: Content is protected !!