
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज बाजार गई चिरई किन्नर (35 वर्ष) रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी देर तक घर न लौटने पर साथियों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं अता-पता नहीं चला। इस पर तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस छानबीन में जुटी है।
चिरई किन्नर 5 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे किसी निजी कार्य से मोहरगंज बाजार के लिए निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटीं, तो उनके साथियों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चल सका।
चिरई किन्नर की संरक्षक खुशबू किन्नर ने बताया कि परिचितों के यहां काफी तलाश करने के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तब उन्होंने स्थानीय थाने में लिखित सूचना देकर मदद की गुहार लगाई। इस संबंध में एसओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि लापता किन्नर के बारे में कोई सुराग मिल सके।

