
चंदौली। श्री श्री महा संत बैजू बाबा शिक्षण संस्थान में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। विदाई के क्षणों में जहां एक ओर उल्लास था, वहीं दूसरी ओर बिछड़ने की भावुकता भी स्पष्ट झलक रही थी।
प्रधानाचार्य मोहम्मद असलम ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन की एक महत्वपूर्ण सीढ़ी है, जिसे परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता में बदला जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का नाम रोशन करें। साथ ही उन्होंने अनुशासन, नैतिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना को जीवन में आत्मसात करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह यादव ने की। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक मोहम्मद असलम, श्याम सिंह यादव, वरिष्ठ अध्यापक रामसेवक सिंह यादव, प्रवक्ता सरोज सिंह यादव, दीनानाथ विश्वकर्मा, श्रीमती अंशु सिंह, श्रीमती प्रतिभा सिंह, दिलीप सिंह सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
विदाई समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए और शिक्षकों के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। अभिषेक यादव, विकेश, बबलू पाल, आंचल यादव, ऋतु विश्वकर्मा, शिवानी यादव, वर्षा यादव, सुप्रिया और प्रेमलता चौहान सहित कई छात्रों ने भावुक शब्दों में अपने शिक्षकों को धन्यवाद दिया। समारोह के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। तालियों और शुभकामनाओं की गूंज के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।

