
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित फ्लैगशिप एवं अन्य विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की ग्रेडिंग और रैंकिंग के आधार पर विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान लापरवाही पर डीएम ने डीएसओ और डीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं अफसरों को सुधार की हिदायत दी। कहा कि 25 तारीख तक प्रगति रिपोर्ट हर हाल में अपलोड कर दी जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग तैयारी के साथ बैठक में आएं और सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कर पोर्टल पर अपडेट किया जाए। ए-श्रेणी प्राप्त करने वाले विभागों की सराहना की गई, जबकि डी-श्रेणी वाले विभागों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी मासिक प्रगति रिपोर्ट हर माह की 25 तारीख तक अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करे। धीमी प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कर पूर्ण परियोजनाओं का हस्तांतरण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स की आंकड़ेवार जानकारी प्राप्त कर भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे जनपद की रैंकिंग सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर बनी रहे। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करें, ताकि कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
बैठक के दौरान आईजीआरएस रजिस्टर की भी जांच की गई। पूर्व निर्देश के बावजूद आईजीआरएस रजिस्टर साथ न लाने और विभागीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जिन विभागों में ई-ऑफिस संचालन की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, उप कृषि निदेशक, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

