ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे डीएम, बांटी राहत सामग्री, बाढ़ में बेघर हुए लोगों को मिलेगा आवास योजना का लाभ

चंदौली। जनपद में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों की मदद के लिए जिला प्रशासन ने राहत कार्यों को तेज कर दिया है। सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों चकिया के उतरौत और पीडीडीयू नगर के सिकटिया सहित आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री का वितरण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की देखभाल में कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के लिए खाने-पीने, दवाइयों और पशुओं के चारे-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और चौकियों को सक्रिय रखने के निर्देश उप जिलाधिकारी चकिया को दिए।

इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में सरकार और जिला प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। विधायक ने कहा कि जिनके कच्चे मकान बाढ़ के कारण गिर गए हैं, उन्हें चिन्हित कर मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभ दिया जाएगा। वहीं, जिनकी फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने विधायक के सुझावों पर सहमति जताते हुए बताया कि जिनके मकान कच्चे हैं, उनका सत्यापन पहले से करा लिया गया है, उन्हें जल्द ही आवास योजना का लाभ मिलेगा। जिनके घर पूरी तरह गिर चुके हैं, उनका भी तत्काल सत्यापन कर लाभ दिलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने आगे गड़ई नदी और भोका बंधी का निरीक्षण करते हुए अधिशासी अभियंता चंद्रप्रभा परियोजना से नदी में उफान की वजह के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि भोका बंधी का पानी भी गड़ई नदी में आने से जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों में खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी चकिया बीबी सिंह, पीडी आरडीए सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button