ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : डीएम ने ट्रॉमा सेंटर और नगर पालिका दफ्तर का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने शनिवार को पीडीडीयू नगर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर विकास कार्यों व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान हाईवे स्थित महेवा में बन रहे निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी शेष कार्य जल्द पूरा कर ट्रामा सेंटर को संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए।

 

जिलाधिकारी ने बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय को निर्देश देते हुए कहा कि हैंडओवर से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से वाटर कनेक्शन, ऑक्सीजन कनेक्शन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को पूर्ण करने तथा लगाए गए उपकरणों की पूरी तरह जांच के बाद ही भवन को हैंडओवर लेने की बात कही। निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल अजीत सिंह और उप जिलाधिकारी राजीव मोहन भी मौजूद रहे।

नगर पालिका दफ्तर में देखी व्यवस्था

इसके बाद जिलाधिकारी ने पीडीडीयू नगर पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागीय पटलों की जांच कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने SIR सुनवाई की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया तथा AERO और BLO को अपने कार्यों को पूरी जिम्मेदारी और बिना त्रुटि के संपन्न करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर और सभासदों के साथ बैठक कर नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने नगर में एक आधुनिक पार्क विकसित करने के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।

 

जिलाधिकारी ने सलेमपुर स्थित MRF (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और उसके निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उन्होंने सूखे कचरे को रिसाइकिल कर आय का स्रोत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना नगर पालिका की प्रमुख जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी राजीव सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!