
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने शुक्रवार को विकास खंड सदर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में अलग-अलग पटलों की जांच की। जांच के दौरान उन्होंने आन लाइन शिकायत रजिस्टर, सर्विस बुक, योजनाओं की प्रगति, शिकायत पंजिका सहित मनरेगा पटल पर मनरेगा से संबंधित रजिस्टर, जनसुनवाई व्यवस्था, सफाई, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित पत्रावली और व्यक्तिगत पत्रावलियों की भी जांच की और नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने अभिलेखों के बेहतर रख रखाव और अभिलेखों से संबंधित मूल रजिस्टर तैयार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया। कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही में नहीं होनी चाहिए। पटल सहायक अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करें। विभिन्न पटल निरीक्षण के दौरान संतोष जनक कार्य पाया।


