ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंद्रप्रभा नदी में पलटी जर्जर नाव, मोबाइल से छठ पूजा की वीडियो बना रहे तीन किशोर डूबे, विधायक सहित आला अधिकारी मौके पर

चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव के पास सोमवार की शाम जर्जर नाव पर बैठकर छठ पूजा की वीडियो बना रहे तीन किशोर नाव पलटने के चलते पानी में डूब गए। दुर्घटना से कोहराम मच गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चला रही है। एनडीआरएफ को भी सूचित कर दिया गया है। जानकारी होते ही विधायक कैलाश आचार्य, डीएम चंद्रमोहन गर्ग और एएसपी अनंत चंद्रशेखर मौके पर पहुंच गए और घटना के बाबत जानकारी ली।

 

डौरी कला निवासी मंटू, पिंटू सोनकर, रितेश सोनकर, यश, अरूण और ननिहाल में आया पीयूष एक जुगाड़ की जर्जर नाव में बैठकर चंद्रप्रभा नदी के किनारे हो रहे छठ पूजा का वीडियो बना रहे थे। कुछ युवकों के शराब पीने की भी बात सामने आई है। अचानक नाव में पानी भरने लगा। इससे अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मंटू, पिंटू और रितेश तैरकर बाहर निकल गए, जबकि यश पुत्र श्यामदास (16 वर्ष), पीयूष पुत्र नीतू देवी (13 वर्ष) और अरूण पुत्र कैलाश (14 वर्ष) गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद हाहाकार मच गया।

 

लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे किशोरों की तलाश में जुट गई। सूचना के बाद जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि रात होने के चलते इसमें दिक्कतें आ रही हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Back to top button