
चंदौली। जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित मुबारकपुर गांव में रविवार को हनुमान जी सहित अन्य देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया।
सुबह अखंड हरि कीर्तन के समापन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। दूर-दराज के गांवों से आए लोकगीत कलाकारों ने भजन, कीर्तन, फाग और बसंत गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे गांव में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

इससे पूर्व शनिवार को देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। भंडारे की व्यवस्था में महिलाओं, युवतियों, बच्चों और बुजुर्गों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर प्रसाद तैयार किया और श्रद्धालुओं को ससम्मान वितरित किया।
आयोजन में राम भवन विश्वकर्मा, प्रमोद यादव, नंदलाल, सदानंद विश्वकर्मा, हीरालाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम ने गांव में सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

