ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : डिप्टी सीएमओ ने शहाबगंज पीएचसी का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का जाना हाल, दिए निर्देश

संवाददाता – बाबू चौहान

चंदौली। डिप्टी सीएमओ डॉ. शैलेंद्र शील व आईडीएसपी के डीडीएम आशीष कुमार ने शहाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। वहीं दवइयों की उपलब्धता, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी पड़ताल की। डिप्टी सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

अधिकारियों ने ओपीडी संचालन, मरीजों की पंजीकरण प्रक्रिया, दवा वितरण व्यवस्था, टीकाकरण कार्यक्रम और रिकॉर्ड संधारण की बारीकी से समीक्षा की। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी अवलोकन किया। स्टॉक रजिस्टर और दवाओं की उपलब्धता की जांच करते हुए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

डिप्टी सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

इस अवसर पर ब्लॉक प्रभारी डॉ. एल.बी. शर्मा, डॉ. मनिकेश प्रताप, डॉ. कांति त्रिपाठी, लैब टेक्नीशियन अमरनाथ सिंह, फार्मासिस्ट श्रवण, एटीओ अमर सिंह, स्टाफ नर्स सुनीता पांडे व प्रिया कौशल, एएनएम लालती, एआरओ रोशन पटेल तथा वार्ड बॉय हरिद्वार प्रसाद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!