
चंदौली। जिले के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें उसकी महिला मित्र, उसके पति और भांजे पर हत्या का आरोप लगा है। मृतक की पहचान कुंवर मौर्य (50 वर्ष) के रूप में हुई है। कुंवर की लाश मिर्जापुर के सिरसी डैम के पास खाई से बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली के पेढ़ गांव में हत्या के बाद शव को लाकर फेंक दिया गया। मृतक के ही वाहन में शव भरकर आरोपी मिर्जापुर पहुंचे और खाई में फेक दिया। घटना को छिपाने के लिए ड्राइवर को डरा-धमकाकर चुप रहने की हिदायत दी गई थी।
हालांकि, चालक ने हिम्मत दिखाते हुए परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजनों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस और परिजन मिलकर शव की तलाश में जुट गए।
शुक्रवार को मृतक के बड़े भाई घासी मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान सिरसी डैम के पास खाई से शव बरामद कर लिया गया। पुलिस घटना की जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है।

