
चंदौली। धानापुर क्षेत्र में गंगा में मगरमच्छ देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार की शाम और शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गंगा में मगरमच्छ को तैरते हुए देखा और इसकी जानकारी तुरंत वन विभाग को दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया, जिसके बाद तटवर्ती इलाके के लोगों में दहशत है।
गंगा में इस बार आई बाढ़ के बाद से मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है। तटवर्ती गांवों के गंगा घाटों पर स्नान और पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालु खौफजदा हैं। कुछ दिन पहले कवलपुरा गांव स्थित रामजानकी मंदिर घाट पर भी एक विशाल मगरमच्छ दिखा था, जिससे ग्रामीण सहमे हुए थे। अब सोनहुली गंगा घाट पर भी मगरमच्छ के देखे जाने से लोगों में दहशत फैल गई है।
शनिवार सुबह सोनहुली घाट पर एक बड़ा मगरमच्छ मंडराता हुआ नजर आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा के लिए घाट पर आते हैं। ऐसे में मगरमच्छ का वहां बने रहना गंभीर खतरा साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर किसी अन्य स्थान पर ले जाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। सोनहुली निवासी विशाल कुमार ने बताया कि कई दिनों से गंगा किनारे मगरमच्छ दिखाई दे रहा है और इसकी वजह से गंगा स्नान करने वालों में दहशत का माहौल है।