ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली के स्कूलों में मिड-डे मील पर संकट, गैस सिलेंडर की कमी, प्रधानों ने BSA कार्यालय का किया घेराव

चंदौली। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में संचालित मिड-डे मील (MDM) योजना इन दिनों गंभीर संकट से गुजर रही है। गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते कई स्कूलों में रसोई व्यवस्था ठप होने की स्थिति में पहुंच गई है। इसी समस्या को लेकर सोमवार को ग्राम प्रधानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

 

ग्राम प्रधानों ने बताया कि गैस आपूर्ति में लगातार आ रही बाधाओं के कारण स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करना मुश्किल होता जा रहा है। कई विद्यालयों में तो हालात ऐसे हो गए हैं कि चूल्हे ठंडे पड़ने की नौबत आ गई है। इससे न केवल मिड-डे मील योजना प्रभावित हो रही है, बल्कि बच्चों के पोषण और पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

 

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि सरकार द्वारा चलाई जा रही इस महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य बच्चों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराना है, लेकिन गैस की कमी के कारण यह उद्देश्य अधूरा रह जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

 

ग्राम प्रधानों की समस्याओं को सुनते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और आश्वासन दिया कि विभाग इस समस्या से पूरी तरह अवगत है। उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों से जल्द ही वार्ता की जाएगी। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि जल्द ही व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा, ताकि विद्यालयों में बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

 

इस दौरान प्रधानों ने यह भी मांग उठाई कि भविष्य में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए स्थायी समाधान निकाला जाए और गैस आपूर्ति की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। बीएसए से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष यादव, रामाश्रय, प्रद्युम्न, उषा देवी, वीरेंद्र यादव, अवधेश यादव, अंकित सिंह, ओम प्रकाश, जितेंद्र, मीता पासवान, ओम प्रकाश मौर्य, प्रमोद पासवान, लक्ष्मी देवी और निरंजन मौर्या सहित जनपद के कई ग्राम प्रधान शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!