ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज :  अवैध सूदखोरों पर कसेगा शिकंजा, पुलिस चलाएगी अभियान, गोपनीय रहेगी शिकायतकर्ताओं की पहचान

चंदौली। जनपद में अवैध सूदखोरी के जरिए आम लोगों का शोषण करने वाले ब्याज माफियाओं के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर जिले भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बिना लाइसेंस पैसा उधार देने वालों और मनमाने ब्याज वसूलने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस अधीक्षक ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जो गरीब और जरूरतमंद लोगों को कर्ज के जाल में फंसाकर उनका आर्थिक और मानसिक शोषण करते हैं।

 

अभियान के तहत सबसे पहले प्रत्येक थाना क्षेत्र में सक्रिय अवैध सूदखोरों की सूची तैयार की जा रही है। खास तौर पर उन व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है, जो लोगों को डराकर, धमकाकर या सादे कागजों और चेक पर हस्ताक्षर कराकर उनकी संपत्ति हड़पने की कोशिश करते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश साहूकारी अधिनियम के तहत निर्धारित सीमा से अधिक ब्याज वसूलना अपराध है और बिना पंजीकरण के धन उधार देना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

 

पुलिस प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि कोई पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचता है, तो उसकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य सख्त धाराओं में भी कार्रवाई की जाएगी।

 

इसके साथ ही गांवों और कस्बों में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग ऐसे अवैध सूदखोरों के चंगुल में फंसने से बच सकें। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ब्याज के कारण परेशान है या उसे धमकाया जा रहा है, तो वह बिना डर के पुलिस से संपर्क करे। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!