
चंदौली। जिले में गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो पिकअप वाहनों और एक ब्रेजा कार से तीन शातिर गो-तस्करों को गिरफ्तार करते हुए तीन राशि गोवंश बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। तस्करों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया।
पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम जेठमलपुर तिराहा पहुंची और एनएच-2 हाईवे के उत्तरी लेन पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। करीब 10–15 मिनट बाद चन्दौली की ओर से दो पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा किए जाने पर उसी समय एक सफेद रंग की ब्रेजा कार पिकअप के समानांतर आकर उनमें बैठे लोगों को आगे पुलिस चेकिंग होने की चेतावनी देने लगी। इसके बाद दोनों पिकअप चालक तेज और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए भागने लगे। इस दौरान दोनों पिकअप वाहन पुलिस बैरियर से टकराकर रुक गए, जबकि ब्रेजा वाहन कुछ दूरी पर डिवाइडर के पास जा रुकी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों वाहनों में सवार व्यक्तियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तीन राशि गोवंश, दो पिकअप वाहन (UP 62 DT 4781, UP 67 BT 2665), एक ब्रेजा कार (UP 62 BP 7667), दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 400 रुपये नकद बरामद किए गए। इस संबंध में थाना सैयदराजा पर मु0अ0सं0 33/26 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 109/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सनी सरोज, हरिशंकर यादव और संतोष यादव निवासी थाना बक्सा, जिला जौनपुर के रूप में हुई। हरिशंकर यादव के विरुद्ध पूर्व में भी पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस की इस कार्रवाई से गो-तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

