ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : इलिया पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी गो-तस्कर, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा

चंदौली। इलिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने 25 हजार के इनामी गो-तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर बनरसिया माइनर से तस्कर को पकड़ा। उससे पूछताछ में तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर खुलासा हुआ है। पुलिस गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही।

 

गिरफ्तार आरोपी छोटू यादव मूल रूप से प्रयागराज जिले के हड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत रसार गांव का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से गो-तस्करी के अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि यह नेटवर्क पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैला है। बंगाल पहुंचने पर मवेशियों की कीमत कई गुना बढ़ जाती है, जिससे तस्करों को बड़ा मुनाफा होता है।

 

छोटू यादव ने अपने आपराधिक करियर की शुरुआत ‘स्पॉटर’ के रूप में की थी, जिसमें वह मवेशियों की रेकी और रास्तों की जानकारी देता था। बाद में उसने खुद ट्रांसपोर्टर बनकर मवेशियों की ढुलाई शुरू कर दी और पूरे नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभाने लगा। वह कम दामों पर यूपी के विभिन्न क्षेत्रों से मवेशी खरीदता और खुद वाहन चलाकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचाता था।

 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार छोटू यादव के खिलाफ चंदौली, प्रयागराज सहित अन्य जिलों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इलिया थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, साथ ही उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!