
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर हाईटेंशन करेंट की चपेट में आने से संविदा कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। आननफानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
अरंगी गांव निवासी सरदुम (24 वर्ष) अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर संविदा बिजली कर्मी के तौर पर कार्यरत था। शनिवार की दोपहर अदसड़ गांव के समीप तकनीकी खराबी को ठीक करते समय 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन करेंट की चपेट में आ गया। इससे गंभीर रूप से झुलस गय़ा। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। सरदुम की असमय मृत्यु से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

