
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के अदसड़ गांव के समीप लाइन की मरम्मत के दौरान हाईटेंशन करेंट की चपेट में आने से संविदा बिजलीकर्मी की मौत की घटना को उच्चाधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह ने शटहाउन के नियमों का पालन न करने का दोषी मानते हुए अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के जेई इंद्रजीत कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया है। निलंबन की अवधि में उन्हें एक्सईएन चंदौली के दफ्तर से संबद्ध कर दिया गया है।
अरंगी गांव निवासी सरदुम (24 वर्ष) अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर संविदा बिजली कर्मी के तौर पर कार्यरत था। शनिवार की दोपहर अदसड़ गांव के समीप तकनीकी खराबी को ठीक करते समय 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन करेंट की चपेट में आ गया। इससे गंभीर रूप से झुलस गय़ा। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंची। उच्चाधिकारियों की जांच में प्रथम दृष्टया घटना की वजह शटडाउन के नियमों का पालन न करना पाया गया। ऐसे में अधीक्षण अभियंता ने जेई को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

