
चंदौली। शहाबगंज थाना में तैनात आरक्षी आलोक कुमार के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन की खबर मिलते ही थाना समेत महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
आलोक कुमार पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में चल रहा था। गुरुवारकी सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। इस दुखद समाचार के बाद पुलिसकर्मियों और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
आरक्षी आलोक कुमार (पीएनओ 192191744) पुत्र सुनील कुमार, मूल रूप से प्रयागराज जनपद के जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र के नई सोहबतिया बाग के निवासी थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहकर्मियों के अनुसार, आलोक कुमार अपने कर्तव्यों के प्रति अत्यंत सजग, अनुशासित और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वे हमेशा अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाते थे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

