ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : शंकराचार्य से दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस का बुद्धि-शुद्धि यज्ञ, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

चंदौली। पूज्य शंकराचार्य को संगम स्नान से रोके जाने और उनके साथ कथित पुलिसिया दुर्व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुद्धि- शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन के माध्यम से भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में चूर सरकार संतों और सनातन परंपरा का अपमान कर रही है।

 

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरूण द्विवेदी ने कहा कि धर्म के नाम पर जनता की भावनाओं को भड़काकर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा सरकार आज स्वयं धर्माचार्यों का अपमान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूज्य शंकराचार्य को संगम स्नान से रोकना न केवल एक संत का, बल्कि पूरी सनातन परंपरा का अपमान है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह कृत्य सरकार की संकीर्ण मानसिकता और अहंकार को दर्शाता है।

 

उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा कम उम्र के ब्राह्मण बटुकों के साथ दुर्व्यवहार और उनकी शिखा उखाड़ने जैसी घटनाएं घोर निंदनीय हैं। ऐसे कृत्य सनातन संस्कृति के मूल्यों के विरुद्ध हैं और इससे देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। अरुण द्विवेदी ने दावा किया कि इस घटना को लेकर आमजन में भारी आक्रोश है और यही आक्रोश भविष्य में अहंकारी सरकार के पतन का कारण बनेगा।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी हमेशा से संतों, परंपराओं और धार्मिक स्वतंत्रता के सम्मान के पक्ष में रही है और आगे भी ऐसे किसी भी अपमान के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। कार्यक्रम में राजेन्द्र गौतम, परमहंस सिंह राजपूत, शिवेंद्र मिश्रा, श्रीकांत पाठक, राकेश पाठक, राकेश सिंह, ज्ञान प्रकाश तिवारी, पंकज तिवारी, संतोष चौबे, सिराजुद्दीन भुट्टो, शमशेर खां सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!