ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : सिविल बार एसोसिएशन चुनाव : पहले दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए नामांकन, दिखी गहमागहमी

चंदौली। सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गई। पहले दिन नामांकन प्रक्रिया के दौरान न्यायालय परिसर में खासा उत्साह और गहमागहमी देखने को मिली। विभिन्न पदों के दावेदार फूल-मालाओं से सजे हुए अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए नामांकन कक्ष पहुंचे और नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए।

 

अध्यक्ष पद के लिए पहले दिन मनोज कुमार सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पदों के लिए भी नामांकन किया गया। 15 वर्ष से अधिक वरिष्ठता वाले वरिष्ठ उपाध्यक्ष (एक पद) के लिए लवकुश कुमार पटेल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा 10 वर्ष से अधिक वरिष्ठता वाले वरिष्ठ उपाध्यक्ष (दो पद) के लिए अमित कुमार त्रिपाठी और चंदन कुमार सिंह ने अपने नाम निर्देशन पत्र जमा किए।

 

उपाध्यक्ष पदों के लिए भी प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखा गया। 10 वर्ष से कम और 5 वर्ष से अधिक वरिष्ठता वाले उपाध्यक्ष (दो पद) के लिए अनिल कुमार और कांति भूषण सिंह ने नामांकन दाखिल किया। वहीं महामंत्री पद के लिए तीन अधिवक्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की। इस पद के लिए आशुतोष कुमार मिश्र, संदीप कुमार यादव और सत्य प्रकाश केशरी ने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है।

 

कोषाध्यक्ष पद के लिए एकमात्र पद पर समीर आलम फारूखी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दावा ठोका है। पहले दिन हुए नामांकन से यह स्पष्ट हो गया है कि इस बार सिविल बार एसोसिएशन के चुनाव में कई पदों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

 

वरिष्ठ समिति के सदस्य चंद्रमौली उपाध्याय ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया अभी जारी है और 7 फरवरी को भी नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नामांकन समाप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुल कितने प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए मैदान में हैं। नामांकन के दौरान न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ रही। पूरे परिसर में चुनावी माहौल बना रहा और बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर अधिवक्ता समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

Back to top button
error: Content is protected !!