
चंदौली। जनपद में प्रभावी पुलिसिंग और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन में चौकीदारों को साइकिल वितरित की गई। एसपी आकाश पटेल ने जनपद के विभिन्न थानों से आए चौकीदारों को साइकिल प्रदान कर उनके कार्य को नई गति देने का प्रयास किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस तंत्र की रीढ़ होते हैं। वे न केवल स्थानीय स्तर पर सूचनाओं के प्रमुख स्रोत होते हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समय पर सटीक सूचना मिलना अपराध नियंत्रण में बेहद सहायक होता है, और इसमें चौकीदारों की भूमिका अत्यंत अहम है।

साइकिल मिलने से चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक तेजी और सक्रियता के साथ भ्रमण करने में सुविधा होगी। इससे वे गांवों में बेहतर निगरानी रख सकेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। यह पहल निश्चित रूप से अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

