
चंदौली। बिहार के कैमूर जिले के चांद डाक बंगला के समीप दो बाइकों की टक्कर हो गई। इसमें चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी शिक्षिता ममता पांडेय (43 वर्ष) की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ममता पति के साथ मुंडेश्वरी धाम दर्शन कर वापस लौट रही थीं। वह कैमूर जिले के इटही उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
ममता रविवार को अपने पति राकेश पांडेय (45 वर्ष) के साथ बाइक से मुंडेश्वरी धाम दर्शन कर वापस घर लौट रही थीं। चांद डाक बंगला के समीप सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ममता को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि पति राकेश हेलमेट की वजह से बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पति राकेश पांडेय, पुत्रों सत्यम और सुंदरम का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतका का अंतिम संस्कार बलुआ घाट पर किया गया। दुखद हादसे से ग्रामीण भी मर्माहत हैं। गांव में 152 वर्षों से चली आ रही रामलीला का मंचन रविवार को नहीं किया गया।