ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में यूपी में चंदौली पुलिस अव्वल, लगातार तीसरे माह टॉप पर रही रैंकिंग

चंदौली। शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में चंदौली पुलिस ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। पुलिस ने लगातार तीसरे महीने ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में शीर्ष स्थान बनाए रखते हुए अपनी कार्यशैली का लोहा मनवाया है।

 

उत्तर प्रदेश सरकार की आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) के तहत प्राप्त शिकायतों के 100 प्रतिशत निस्तारण के आधार पर जारी मार्च 2026 की रैंकिंग में चन्दौली जनपद को 125 में से 125 अंक प्राप्त हुए हैं। इस उपलब्धि के साथ ही जनपद ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

 

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी अधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतों के निस्तारण को लेकर लगातार सक्रिय हैं। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से किया जाए। यही कारण है कि जनपद में शिकायत निवारण की प्रक्रिया लगातार बेहतर होती जा रही है।

 

जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल द्वारा संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजा जाता है। इसके बाद संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच कर अपनी आख्या प्रस्तुत करते हैं। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इस पूरी प्रक्रिया ने निस्तारण की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया है।

 

प्रदेश स्तर पर सभी जनपदों के प्रदर्शन का मूल्यांकन मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया जाता है। इस मूल्यांकन में चन्दौली पुलिस ने न केवल सभी शिकायतों का समय से निस्तारण किया, बल्कि गुणवत्ता के मानकों पर भी खरा उतरते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

चंदौली पुलिस की यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता को दर्शाती है, बल्कि आम जनता के प्रति जवाबदेही और विश्वास को भी मजबूत करती है। लगातार तीसरे महीने मिली इस सफलता से यह स्पष्ट है कि जनपद में शिकायत निवारण व्यवस्था प्रभावी और परिणामकारी रूप से कार्य कर रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!