
चंदौली। जनपद में खोए और गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में CEIR पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीमों ने विभिन्न स्थानों से कुल 75 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई गई है।

मंगलवार को पुलिस लाइन के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी क्राइम की उपस्थिति में सभी 75 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई आवेदकों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।
पुलिस अधीक्षक को जनसुनवाई के दौरान लगातार खोए व गिरे मोबाइलों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हो रहे थे। इन प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी जानकारी जुटाई गई और स्वाट/सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। टीमों ने अथक प्रयास कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल सेट ट्रेस कर बरामद किए।
थानावार बरामदगी में सर्विलांस सेल ने सर्वाधिक 42 मोबाइल बरामद किए। इसके अतिरिक्त थाना बबुरी से 14, धानापुर से 4, धीना से 4, सैयदराजा से 4, बलुआ से 3, सकलडीहा से 2, चन्दौली से 1 तथा अलीनगर से 1 मोबाइल बरामद हुआ।
चन्दौली पुलिस द्वारा नवम्बर 2023 से अब तक कुल 452 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 80.75 लाख रुपये है, उनके स्वामियों को वापस दिलाए जा चुके हैं। इससे पूर्व 10 नवम्बर 2023 को 125 मोबाइल (लगभग 18.75 लाख रुपये), 11 मार्च 2024 को 101 मोबाइल (लगभग 16 लाख रुपये) तथा 25 मई 2025 को 151 मोबाइल (लगभग 30 लाख रुपये) बरामद कर सुपुर्द किए गए थे।
मोबाइल बरामदगी में क्षेत्राधिकारी क्राइम कृष्ण मुरारी शर्मा, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए चन्दौली पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है।

