
चंदौली। डीडीयू जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग के दौरान अकालतख्त एक्सप्रेस ट्रेन में सवार दो यात्रियों के बैग से नोटों की गड्डियां मिलीं। कुल 1.75 करोड़ रुपये बरामद किए गए। रेलवे सुरक्षा बलों ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। आयकर विभाग की टीम इसकी जांच कर रही है।
शुक्रवार की रात जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ट्रेनों में चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान ट्रेन संख्या 12318 अकालतख्त एक्सप्रेस के कोच ए-1 में दो संदिग्ध व्यक्तियों के बैग की जांच की गई। इस दौरान लगभग 1.75 करोड़ रुपये बरामद किए गए। इस पर दोनों संदिग्धों लखनऊ के ठाकुरगंज थाना के नेपियर रोड कॉलोनी पार्ट-1 निवासी रितेश पटेल और गुजरात के आनंद जिले के खम्भाट के मेटपुर स्वामी नारायण फालियू निवासी प्रिग्नेश को गिरफ्तार किया गया।
रेलवे सुरक्षाबलों ने दोनों से भारी मात्रा में मिली नकदी के बाबत कागजात की मांग की, लेकिन दिखा नहीं सके। इस पर नकदी को कब्जे में ले लिया गया। रेलवे प्रशासन ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दी। आयकर की टीम इसकी जांच कर रही है। जीआरपी सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि रेलवे सुरक्षाबलों की ओर से होली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
टीम में उपनिरीक्षक स्वतंत्र सिंह, हेड कांस्टेबल मोहम्मद असहर, अभय नारायण सिंह, कांस्टेबल अनूप कुमार कुशवाहा, संग्राम भूषण सिंह, रणधीर सिंह और विजय सिंह सरोज शामिल रहे।

