ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में आपसी विवाद में चली गोली, बुजुर्ग और किशोर घायल, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। कंदवा थाना के कम्हरियां गांव में मंगलवार की शाम गोबर रखने के विवाद में मारपीट के बाद फायरिंग हुई। इसमें एक पक्ष से बुजुर्ग और किशोर घायल हो गए। बुजुर्ग के हाथ में गोली लगी है। सूचना के बाद सीओ सदर के साथ थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से 32 बोर के खोखे बरामद किए हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है।

 

कम्हरियां गांव निवासी मनोज सिंह और बीनू सिंह के बीच गोबर रखने को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को विवाद बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे चले। बीनू सिंह का आरोप है कि मनोज सिंह पक्ष की ओर से मारपीट के दौरान असलहे से फायरिंग की गई। इसमें उनके पिता शंभू सिंह (74 वर्ष) और उनके पुत्र यश (16 वर्ष) घायल हो गए। उनके पिता के हाथ में गोली लगी है।

 

घटना के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बीनू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मनोज सिंह और उनके दोनों बेटों के खिलाफ नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार के अनुसार तीन नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की छानबीन की जा रही है।

Back to top button