ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चहनियां में BLA व कार्यकर्ता सम्मान समारोह, विधायक ने दिया जीत का मंत्र, बोले,“बूथ मजबूत तो चुनाव पक्का”

चंदौली। चहनियां ब्लॉक के कैलावर गांव में आयोजित बीएलए एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह में राजनीतिक उत्साह अपने चरम पर नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों की मौजूदगी रही। समारोह के मुख्य अतिथि सकलडीहा विधायक प्रभूनारायण सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।

 

विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा, “चुनाव की जीत का असली आधार बूथ होता है। अगर बूथ मजबूत है तो चुनाव जीतना तय है। बीएलए और कार्यकर्ता ही लोकतंत्र की पहली कड़ी हैं, जो मतदाता से सीधे जुड़कर संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार रहने और जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने का आह्वान किया।

 

समारोह के दौरान विधायक ने कैलावर एवं आसपास के बूथों से आए बीएलए और कर्मठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान पाकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं को जोड़ने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की।

 

कार्यक्रम में विधायक ने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही सशक्त बनेगा। सम्मान समारोह से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक का 51 किलो की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया।

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार, हरिदास यादव, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, चहनियां ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र मौर्य, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व सदस्य संतोष यादव, जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र यादव, अजीत यादव, बृजमोहन कुशवाहा, राजनाथ सिंह यादव (चकिया), विधानसभा अध्यक्ष रामजनम यादव (सैदराजा), जिला सचिव राजीव यादव, सुभाष यादव (सकलडीहा विधानसभा अध्यक्ष) सहित अनेक वरिष्ठ नेता, प्रधान, बीडीसी सदस्य, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Back to top button
error: Content is protected !!