ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : भाजपा नेता ने सपा सांसद और विधायक पर बोला हमला, जिले के साथ सौतेला व्यवहार करने का लगाया आरोप

चंदौली। भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और सपा विधायक प्रभु नारायण यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों जनप्रतिनिधियों पर चंदौली की उपेक्षा करने और विकास कार्यों का गलत श्रेय लेने के आरोप लगाए।

 

उन्होंने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि सांसद वीरेंद्र सिंह ने एक पोस्ट साझा कर वाराणसी जिले में सड़क स्वीकृत कराने का दावा किया है। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब चंदौली की कई सड़कें और विकास परियोजनाएं लंबित हैं, तब दूसरे जिले के कार्यों को प्राथमिकता देना जनपद के साथ सौतेला व्यवहार दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के प्रतिनिधि का पहला दायित्व अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान पर होना चाहिए।

 

वहीं विधायक प्रभु नारायण यादव पर आरोप लगाते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत सड़कों और अन्य विकास कार्यों को अपना बताकर प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ठेकेदारों पर अनावश्यक दबाव बनाने और निधि से संचालित कार्यों में कमीशनखोरी की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। हालांकि इन आरोपों पर सपा नेताओं की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

 

भाजपा नेता ने अपने बयान में पूर्व सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा चंदौली को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की परंपरा निभाई। तिवारी ने कहा कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों को भी उसी भावना से कार्य करना चाहिए।

 

उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!