
चंदौली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को बहादुरपुर में नुक्कड़ सभा के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठा, विश्वास घाती आदि शब्दों से नवाजा। कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को केरल और कश्मीर फाइल देखने को कहा था, लेकिन हमने सदन में प्रधानमंत्री को एपस्टीन फाइल देखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री, अनिल अंबानी और केंद्रीय मंत्री हरप्रीत पुरी की पूरी जन्म कुंडली लिखी हुई है।
कहा कि केंद्र की सरकारों ने पहले दो धर्म के लोगों को आपस में लड़ाया। अब साजिश के तहत जातियों को जातियों से लड़ाने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुसलमान से परहेज करते हैं, लेकिन सऊदी अरब जाते हैं तो वहां के शेख से गले मिलते हैं और मस्जिदों में भी जाते हैं। उनका यह दोहरा चरित्र अब देश जान चुका है। कहा कि प्रधानमंत्री के गोद लिए वाराणसी के डुमरी गाव में योगी आदित्यनाथ का बुलडोजर पहुंच गया है। बुलडोजर प्रधानमंत्री के गोद लिए गांव के गरीबों के घरों के ऊपर चलने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि मैं उस गांव के लोगों का मौके पर जाकर दर्द को समझा और लोगों की पीड़ा सुनने के बाद बहुत ही कष्ट हुआ। उन्होंने सीधे तौर पर इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर जमकर तोड़फोड़ हुआ है। अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। लेकिन पुलिस वहां विपक्ष के नेताओं को जाने नहीं दे रही है। अगर प्रधानमंत्री वाराणसी के सांसद हैं तो उन्हें सांसदों के साथ मौके पर जाना चाहिए और लोगों के बीच सच्चाई को उजागर करना चाहिए।

