ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, कुछ दिन पहले ही पिता की भी हुई थी मौत

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के समीप मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कमालपुर निवासी बाइक सवार बालमुकुंद अग्रहरि (44 वर्ष) की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बालमुकुंद के पिता की मौत हाल ही में हुई थी। आठ फरवरी को उनकी तेरहवीं थी। पिता के बाद बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

बालमुकुंद अपने एक मित्र के साथ सोमवार-मंगलवार की देर रात करीब दो बजे कमालपुर से मुगलसराय की ओर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर पेट्रोल पंप के पास पहुंची, अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। इससे बालमुकुंद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। इस हादसे की खबर जैसे ही कमालपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि बालमुकुंद मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे, जिनकी असमय मौत से गांव स्तब्ध है।

 

बताया गया कि बालमुकुंद अग्रहरी के पिता गोवर्धन अग्रहरी का हाल ही में निधन हुआ था। उनके तेरहवीं संस्कार को अभी कुछ ही दिन बीते थे। परिवार अभी पिता के निधन के गम से उबर भी नहीं पाया था कि अब बड़े बेटे की मौत की खबर ने परिजनों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। एक के बाद एक हुई दो मौतों से परिवार सदमे में है।

 

अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है। जल्द ही अज्ञात वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!